BREAKING NEWS

logo

सारठ में ड्राइविंग लाइसेंस कैंप स्थगित होने पर हंगामा, डीटीओ ऑफिस से कर्मियों को घेरा, पहुंची पुलिस.


• डीसी से जल्द कैंप लगवाने की करेंगे मांग : बीडीओ 


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

सारठ (देवघर) : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रखंड कार्यालय में आयोजित ड्राइविंग लाइसेंस कैंप, अत्यधिक भीड़ की वजह से स्थगित करने पर लोगों ने जमकर हंगामा मचाया। वहीं डीटीओ कार्यालय से आए अधिकारी व कर्मियों के वाहन को भी घेर लिया। वहीं बीडीओ सी.के. सिंह ने माहौल को भांपते मामले की जानकारी पुलिस को दिए और सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत करते कर्मियों के वाहन को भीड़ से निकालकर भेजा। वहीं कैंप स्थगित होने को लेकर बताया गया कि परिवहन विभाग द्वारा लगाए जा रहे इस विशेष शिविर में केवल 70 अभ्यर्थियों का ही चयन किया गया जाना था। लेकिन जैसे ही कैंप की शुरुआत हुई, प्रखंड कार्यालय परिसर में लाइसेंस बनवाने के लिए सैकड़ों अभ्यर्थियों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि चयनित सूची में बाहर के भी कई अभ्यर्थियों ने प्रखंड कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए स्लॉट बुकिंग करा लिया था और स्थानीय लोग दस्तावेज लेकर पहुंचे हुए थे। वहीं जब एमवीआई प्रथम कुमार ने कहा कि सिर्फ बुकिंग स्लॉट में 70 लोगों का ही लाइसेंस बनने की प्रक्रिया पूरी होगी। लोग आग बबूला हो गए और हल्ला हंगामा करते हुए नारेबाजी व विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके बाद कैंप को स्थगित कर दिया गया। बताया गया कि उक्त कैंप की चयनित सूची में सारठ प्रखंड से अधिक अन्य प्रखंड के अभ्यर्थियों का स्लॉट बुकिंग होने की वजह से चयन कर लिया गया था। नतीजा स्थानीय युवा आक्रोशित हो गए। वहीं उग्र हो रहे लोगों की मांग थी कि इस विशेष शिविर में सारठ प्रखंड के स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी, क्योंकि शिविर का आयोजन सारठ में हो रहा था। वहीं कैंप स्थगित होने से दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों में गहरी नाराजगी देखा गया। एमवीआई प्रथम कुमार ने बताया कि अत्यधिक भीड़ और हंगामा होने के कारण फिलहाल कैंप को स्थगित कर दिया गया है। आश्वस्त किया कि देवघर उपायुक्त के निर्देशानुसार जल्द ही आगे की तिथि निर्धारित कर दोबारा कैंप का आयोजन किया जाएगा। वहीं बीडीओ सीके सिंह ने भी लोगों को समझाते हुए कहा कि डीसी से जल्द विशेष कैम्प लगाने की मांग की जाएगी। जेएमएम नेता इश्तियाक मिर्जा बोले कि उन्होंने मामले की जानकारी विधायक चुन्ना सिंह को देते हुए जल्द सारठ में विशेष कैम्प लगवाने की मांग की है। वहीं विधायक चुन्ना सिंह ने कहा कि सारठ क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए जल्द डीसी से बात करके विशेष कैम्प लगवाया जाएगा। उन्होंने कैंप स्थगित होने व लोगों को परेशानी होने पर दुख भी जताया।