देवघर नगर निगम में 10 मार्शल की बहाली पर बवाल; डिप्टी मेयर व पार्षदों ने किया विरोध
बिना बोर्ड मीटिंग के बहाली गलत:- डिप्टी मेयर.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : देवघर नगर निगम द्वारा 10 मार्शल की बहाली प्रक्रिया को लेकर पार्षदों में भारी आक्रोश है। डिप्टी मेयर टीप चटर्जी के नेतृत्व में गुरुवार को दर्जनों पार्षदों ने नगर निगम परिसर में जमा होकर इसका जमकर विरोध किया और निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
पार्षदों का आरोप है कि जब नगर निगम में बोर्ड का गठन हो चुका है, तो बिना बोर्ड को सूचित किए और बिना बोर्ड की बैठक बुलाए मार्शल बहाली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पार्षदों ने पूछा कि आखिर नगर निगम में मार्शल की जरूरत ही क्या है?
इस संबंध में देवघर नगर निगम की उप महापौर टीप चटर्जी ने कहा कि पार्षदों की उपस्थिति ही बता रही है कि हम क्या चाहते हैं। सारे पार्षद आज काफी क्षुब्ध हैं। निगम के पदाधिकारियों को सोचना होगा कि जब बोर्ड का गठन हो चुका है तो बोर्ड को श्रेय और सम्मान मिलना चाहिए। इस तरह की बहाली की जानकारी किसी को नहीं दी गई, जिससे हम सभी काफी दुखी हैं। एक तरफ मार्शल की बहाली की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ जब निगम क्षेत्र के विकास की बात आती है तब फंड का रोना रोया जाता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर निगम के अधिकारी इन मार्शलों का उपयोग कहां करना चाहते हैं? क्या ये पदाधिकारियों की रक्षा के लिए होंगे या फिर जनता और पार्षदों के दमन के लिए? अगर ऐसा है तो हम यह नहीं होने देंगे।
वार्ड पार्षद अनूप बरनवाल ने कहा कि हम सभी वार्ड पार्षद चुनकर आए हैं, मनोनीत नहीं हैं, तो फिर इन सभी चीजों की जानकारी हम लोगों को क्यों नहीं दी गई। इसलिए हम लोग इस मार्शल बहाली की प्रक्रिया का विरोध करते हैं।
इस दौरान नगर निगम परिसर में दर्जनों वार्ड पार्षद मौजूद थे और सभी ने एकजुटता के साथ बहाली प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की।






