BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

20 सूत्री मांगों को लेकर जिप सदस्य अमित भगत का ऐलान, बीडीओ के खिलाफ करेंगे अनिश्चितकालीन धरना


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : पथरगामा पूर्वी के जिला परिषद सदस्य अमित भगत ने पथरगामा बीडीओ नितेश कुमार गौतम पर भ्रष्टाचार और मनमानी का आरोप लगाते हुए 07 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है।

जिप सदस्य ने इस संबंध में उप विकास आयुक्त, उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर 20 सूत्री मांगों पर उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है।

अमित भगत ने आरोप लगाया कि पिछले 4-5 महीनों से वे बीडीओ की कार्यशैली को लेकर जिला प्रशासन को अवगत कराते आ रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि बीडीओ के रवैये से उन्हें अपने कामों के लिए परेशानी झेलनी पड़ती है। प्रखंड कार्यालय का संचालन नियमित रूप से नहीं हो रहा है, जिससे लोगों का भरोसा उठ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के फोन तक रिसीव नहीं करते और कार्यालय में मनमानी करते हैं। जिला प्रशासन द्वारा जवाब मांगे जाने पर भी समय पर जवाब नहीं दिया जाता।

जिप सदस्य ने कहा कि 20 सूत्री मांगों पर कार्रवाई नहीं होने तक 07 सितंबर से पथरगामा प्रखंड कार्यालय परिसर में उनका धरना जारी रहेगा।