BREAKING NEWS

logo

देवरी में भी डिग्री कॉलेज की स्थापना हो: सुखदेव हाजरा


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गिरिडीह: जमुआ विधानसभा क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्वीकृति का स्वागत करते हुए सहायक अध्यापक महासंघ के जिला महासचिव एवं शिक्षक प्रतिनिधि सह समाजसेवी सुखदेव हाजरा ने सरकार से देवरी प्रखंड में भी डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग की है। उन्होंने कहा कि देवरी प्रखंड लंबे समय से शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं के मामले में उपेक्षित रहा है।सुखदेव हाजरा ने कहा कि जमुआ में डिग्री कॉलेज खुलने से क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा और यह क्षेत्र शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित होगा। वहीं देवरी प्रखंड के भेलवाघाटी, गुनियाथर, गलफूलिया, तिलकडीह और चौंकी जैसे दूरस्थ इलाकों के विद्यार्थियों को आज भी उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे गरीब, आदिवासी, दलित और कमजोर वर्ग के छात्रों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी देवरी प्रखंड बेहतर सड़क, रेलवे और उच्च शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। ऐसे में क्षेत्र के समग्र विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को देवरी में डिग्री कॉलेज की स्थापना के साथ-साथ बेहतर आवागमन के लिए रेलवे लाइन जैसी योजनाओं को भी शीघ्र स्वीकृति देनी चाहिए।सुखदेव हाजरा ने कहा कि यदि सरकार देवरी प्रखंड की लंबे समय से चली आ रही मांगों की अनदेखी करती रही तो क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज बुलंद करने को मजबूर होगी। उन्होंने सरकार से देवरी को भी शिक्षा और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपील की।