बनियाडीह में 13 सितंबर को होगी सुदिव्य कुमार सोनू की श्रद्धांजलि सभा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: हरसिंगरायडीह स्थित उत्सव उपवन में बुधवार को झामुमो गिरिडीह प्रखंड और झाकोमयु की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 सितंबर 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे बनियाडीह महाप्रबंधक कार्यालय के सामने मैदान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।
जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह के विकास का सपना देखा था और उसे पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे थे। उनके निधन से गिरिडीह और झारखंड के साथ झामुमो को भी बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। बैठक में जिला सचिव महालाल सोरेन, दिलीप मंडल, कोलेश्वर सोरेन, दिलीप रजक, प्रधान मुर्मू, अनवर अंसारी, तेजलाल मंडल, मेहताब मिर्जा सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






