गिरिडीह: तिसरी प्रखंड की खिजुरी पंचायत के पश्चिमी भाग स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र के नियमित रूप से बंद रहने का आरोप लगाते हुए समाजसेवी उपेंद्र साव सहित दर्जनों ग्रामीणों ने गिरिडीह उपायुक्त को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र की सेविका केवल उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर कर केंद्र से चली जाती हैं, जिससे बच्चों को आंगनबाड़ी की निर्धारित सेवाओं का नियमित लाभ नहीं मिल पा रहा है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बच्चों के लिए मिलने वाला पोषाहार एवं अन्य सामग्री केंद्र में रखने के बजाय सेविका अपने घर में रखती हैं।ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय में लिखित शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच नहीं की। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा आंगनबाड़ी केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है दूसरा पक्ष: इस मामले में जब आंगनबाड़ी सेविका के पति से संपर्क किया गया तो उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि आपसी दुश्मनी के कारण झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी।
आंगनबाड़ी केंद्र हमेशा बंद रहने का आरोप, ग्रामीणों ने उपायुक्त से की जांच की मांग
रांची एक्सप्रेस संवाददाता

.jpg)



