व्हाट्सऐप हैक कर शादी-ब्याह के फर्जी निमंत्रण से साइबर ठगी की कोशिश, बेंगाबाद में दहशत
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए लोगों के व्हाट्सऐप अकाउंट को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पिछले तीन दिनों में करीब दर्जनभर लोगों के व्हाट्सऐप हैक कर उनके परिचितों को शादी, सालगिरह और अन्य समारोह के निमंत्रण के नाम पर फर्जी एपीके फाइल और संदिग्ध लिंक भेजे जाने का मामला सामने आया है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी पहले किसी व्यक्ति के व्हाट्सऐप अकाउंट को हैक कर लेते हैं। इसके बाद उसी नंबर से उसके परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों को शादी का निमंत्रण कार्ड, सालगिरह या बर्थडे पार्टी के नाम पर एपीके फाइल भेजी जाती है। परिचित के नंबर से संदेश आने के कारण लोग उस पर भरोसा कर लेते हैं और फाइल या लिंक खोल देते हैं। इसके बाद उनका व्हाट्सऐप भी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ जाता है।
पिछले करीब एक सप्ताह से इस तरह की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। एक अकाउंट को निशाना बनाने के बाद उसके संपर्कों को भी फर्जी लिंक भेजकर ठगी का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद लोग एक-दूसरे को सतर्क कर रहे हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि अनजान एपीके फाइल या लिंक को बिना पुष्टि किए न खोलें और परिचित के नंबर से आए संदिग्ध संदेश की भी फोन कर पुष्टि जरूर करें।






