BREAKING NEWS

logo

मंगलौर से पहुंचा प्रवासी मजदूर शहजाद का शव, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई


रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

कर्नाटक के मंगलौर में असमय मौत का शिकार हुए बेंगाबाद प्रखंड के खुटरीबाद निवासी 20 वर्षीय प्रवासी मजदूर शहजाद अंसारी का शव गुरुवार को गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। बेटे का शव देखते ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा। गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। घटना की सूचना मिलते ही झामुमो के युवा नेता फरदीन इम्तियाज अहमद, झामुमो बेंगाबाद प्रखंड सचिव खुर्शीद अनवर हादी, समाजसेवी अबू अंसारी, इसराइल अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान फरदीन इम्तियाज अहमद ने गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन से दूरभाष पर बात कर घटना की जानकारी दी। विधायक ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि शहजाद अंसारी घर का सबसे छोटा और होनहार था। उसके माता-पिता वृद्ध हैं, जबकि दो बड़े भाई लंबे समय से बीमार रहते हैं। ऐसे में परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी काफी हद तक शहजाद पर ही टिकी थी। परिवार की बदहाली दूर करने और बेहतर भविष्य का सपना लेकर वह मजदूरी करने कर्नाटक गया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। कमाऊ बेटे के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दोपहर बाद शहजाद अंसारी के शव को स्थानीय कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक शामिल हुए तथा नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।