पत्थर खदान में डूबी आदिवासी महिला का शव 24 घंटे बाद भी नहीं निकला, एनडीआरएफ टीम का इंतजार
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गावां (गिरिडीह), 11 अगस्त: गावां प्रखंड के जमडार पंचायत अंतर्गत लौरिया गांव में पत्थर खदान में डूबकर लापता हुई आदिवासी महिला का शव घटना के 24 घंटे बाद भी बाहर नहीं निकाला जा सका है। मृतका की पहचान सवनी मांझीयन, पति सवना हांसदा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की देर शाम करीब 4 बजे महिला पत्थर खदान के पानी में डूब गई थी। घटना के बाद से परिजन और ग्रामीण लगातार शव की तलाश और उसे बाहर निकालने की मांग कर रहे हैं।
घटना के दूसरे दिन मंगलवार को गावां थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारी (सीओ) घटनास्थल पर पहुंचे और मृतका के परिजनों तथा ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। हालांकि, 24 घंटे बीत जाने के बावजूद एनडीआरएफ (NDRF) की टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
मृतका के परिजन घंटों से पत्थर खदान के किनारे बैठे शव मिलने का इंतजार कर रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब एनडीआरएफ टीम भेजकर शव को बाहर निकालने और पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
● परिजन और ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की, घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल।






