कांग्रेस नेता अनिल चौधरी ने चतरो हटिया में यात्री शेड निर्माण की मांग उठाई
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवरी प्रखंड अंतर्गत चतरो में लगने वाले वर्षों पुराने साप्ताहिक हटिया का मंगलवार को कांग्रेस नेता सह गिरिडीह जिला कांग्रेस कमिटी के महासचिव अनिल चौधरी ने जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना।
व्यापारियों ने बताया कि लंबे समय से यहां साप्ताहिक बाजार लगता आ रहा है, लेकिन आज तक व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों के लिए यात्री शेड की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है। बारिश के कारण दुकानदारों का सामान भी प्रभावित होता है और ग्राहकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अनिल चौधरी ने कहा कि चतरो का साप्ताहिक हटिया आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण बाजार है। यहां बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्रामीण पहुंचते हैं। ऐसे में यहां यात्री शेड सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करना जरूरी है।
उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों से मांग की कि चतरो हटिया में जल्द से जल्द यात्री शेड का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश और धूप में व्यापारियों तथा बाजार आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे और इस मांग को उचित मंच पर मजबूती से रखा जाएगा।






