गुप्त सूचना पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध पत्थरों से लदी बोलेरो जब्त
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गावां: गावां वन प्रक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध सफेद बैरल पत्थरों से लदी एक बोलेरो वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई बुधवार देर रात गावां-पटना मुख्य मार्ग पर भेलवा के समीप की गई। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
वन पाल राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सहायक वन संरक्षक (गावां) को सूचना मिली थी कि डोडलखार जंगल से अवैध रूप से सफेद बैरल पत्थर लोड कर जामडार की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद वन पाल राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में टीम गठित कर घेराबंदी की गई। भेलवा के पास वन विभाग की टीम ने पत्थरों से लदी बोलेरो को पकड़ लिया।
वाहन को जब्त कर गावां वन परिसर लाया गया है। वन विभाग ने वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही अवैध खनन और पत्थर परिवहन में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वन विभाग ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन एवं पत्थरों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार निगरानी की जा रही है। इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में उप वन परिसर पदाधिकारी जिलाजीत कुमार, रोशी रंजन सहित वन विभाग के अन्य कर्मी शामिल थे।






