BREAKING NEWS

logo

नौ दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, फाइनल में असनसोल की शानदार जीत


रांची एक्सप्रेस संवाददाता जमुआ 

जमुआ (गिरिडीह): बलैडीह के ग्रीन पार्क स्टेडियम में केजीएन स्पोर्ट्स क्लब बलैडीह के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पहुंचे। पूरे मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

फाइनल मुकाबला असनसोल और धनबाद की मजबूत टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबले में असनसोल की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और शानदार क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन करते हुए धनबाद को पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में धुरैता पंचायत के मुखिया प्रदीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं पंचायत समिति सदस्य पंकज यादव, बाबूजान सर,टिंकू राणा एवं जितेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की सराहना की।

पूरे टूर्नामेंट में फरीद एवं नौशाद अंसारी ने अंपायर की भूमिका निभाते हुए निष्पक्ष निर्णयों से प्रतियोगिता को सफल बनाया। वहीं मोहम्मद फिरोज एवं कमलेश रघुकला ने ब्रांड एंबेसडर के रूप में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

स्टडी केयर अकैडमी के संचालक इरफान सर ने भी पूरे टूर्नामेंट के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं आजाद भाई एवं इरफान सर की जोड़ी ने अपनी शानदार कमेंट्री से पूरे आयोजन को और अधिक रोमांचक बना दिया, जिससे दर्शकों का उत्साह लगातार बना रहा।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य मुस्तकीम, सलीम, उस्मान, इनामुल, मकसूद, आजाद, हदीस, बदरुद्दीन, समीम, जाकिर, जबर, सद्दाम, नौशाद सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर स्थानीय लोगों ने केजीएन स्पोर्ट्स क्लब की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे भव्य खेल आयोजनों के निरंतर आयोजन की उम्मीद जताई।