पैक्स गोदाम में करंट लगने से मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग पर छह घंटे डटे रहे ग्रामीण
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा स्थित पैक्स के खाद्यान्न गोदाम में गुरुवार दोपहर काम करने के दौरान हाई वोल्टेज बिजली करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय मजदूर जगदीश राय की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर गिरिडीह सदर अस्पताल परिसर में शव के साथ करीब छह घंटे तक डटे रहे। बाद में साढ़े तीन लाख रुपये मुआवजा देने के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।
बताया गया कि मोतीलेदा पंचायत के मंझलाटोल निवासी जगदीश राय पैक्स गोदाम में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान वह बिजली करंट की चपेट में आ गया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस इंस्पेक्टर बमबम सिंह और एसआई विजय मंडल पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इधर, गोदाम संचालक और मृतक के परिजनों के बीच मुआवजे को लेकर काफी देर तक बातचीत चली। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की पहल तथा पुलिस अधिकारियों के प्रयास से साढ़े तीन लाख रुपये मुआवजा देने के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। जगदीश राय की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घटना से मंझलाटोल गांव में भी शोक का माहौल है।
फोटो।






