नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था होगी और मजबूत, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह : नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में संबंधित अधिकारियों एवं सफाई प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, नियमित कचरा संग्रहण, वार्डवार सफाई कार्यों की प्रगति तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड में नियमित एवं समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए। कहीं भी कचरे का जमाव न होने दिया जाए तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और मजबूत करने, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, मुख्य सड़कों और नालियों की नियमित सफाई तथा स्वच्छता कार्यों की लगातार निगरानी करने पर विशेष जोर दिया उन्होंने आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के प्रतिनिधियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं सभी सफाई सर्किल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, सफाई कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यों की मॉनिटरिंग करने तथा लापरवाही मिलने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा वार्डवार सफाई कार्यों का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

.jpg)



