BREAKING NEWS

logo

दशकर्म स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो महिलाओं की मौत, एक गंभीर


रांची एक्सप्रेस संवाददाता गाँवा

गिरिडीह/गाँवा: गिरिडीह जिले के गाँवा थाना क्षेत्र के भीखी गांव में शुक्रवार को दशकर्म के दौरान तालाब में स्नान करने गए लोगों के साथ बड़ा हादसा हो गया। तालाब में डूबने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग दशकर्म की रस्म के तहत तालाब में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान बिरने निवासी अंजली कुमारी (17 वर्ष), पिता विजय यादव का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में खेलड़ा निवासी कलावतीया देवी (45 वर्ष), पति महेंद्र यादव भी पानी में डूब गईं। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में भीखी निवासी शिखा कुमारी (45 वर्ष), पति बहादुर यादव भी डूब गईं। ग्रामीणों की तत्परता से उन्हें बाहर निकालकर अन्य घायलों के साथ गाँवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सक डॉ. काज़िम खान ने जांच के बाद अंजली कुमारी और कलावतीया देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिखा कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही गाँवा थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिला परिषद सदस्य पवन चौधरी, विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।