स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर अनुमंडल कार्यालय में आवश्यक बैठक संपन्न
छतरपुर: आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक आयोजित करने को लेकर छतरपुर अनुमंडल कार्यालय के सभागार में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) मोहम्मद अनीश ने की।
बैठक में क्षेत्र के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण के समय का निर्धारण किया गया। साथ ही युवाओं में खेल भावना, आपसी सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छतरपुर उच्च विद्यालय मैदान में मैत्री फुटबॉल मैच आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एलआरडीसी मोहम्मद अनीश ने कहा कि, "स्वतंत्रता दिवस हम सभी देशवासियों के लिए गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय सम्मान का पर्व है। यह वह पावन अवसर है, जब हम उन अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं, जिन्होंने भारत माता की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर हमें राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।"
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता 'चुनमुन' ने कहा कि, "स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने का पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का अवसर भी है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए ईमानदारी, सामाजिक समरसता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करना होगा। युवाओं को राष्ट्रभक्ति के साथ-साथ खेल, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जोड़ना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।"
बैठक में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता 'चुनमुन', एसडीपीओ प्रशांत कुमार, सिटी मैनेजर मुर्तुजा अंसारी, नगर पंचायत हरिहरगंज के प्रबंधक नसीबुल्लाह अंसारी, अनुमंडलीय अस्पताल के प्रतिनिधि, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के प्रतिनिधि, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के प्रतिनिधि, भारतीय स्टेट बैंक छतरपुर एवं कउवल शाखा के प्रतिनिधि, एचडीएफसी बैंक तथा आईसीआईसीआई बैंक के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।






