BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति कर रही भाजपा, आंदोलन को अशांत करना एजेंडा : पूर्णिमा पांडेय


पलामू : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता पूर्णिमा पांडेय ने JPSC-JSSC को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बहाने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को न छात्रों के भविष्य की चिंता है और न ही उनकी समस्याओं से कोई वास्तविक सरोकार। भाजपा को सिर्फ छात्र आंदोलन के नाम पर अपनी राजनीति चमकानी है और प्रदेश में माहौल खराब करना है।

पूर्णिमा पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए मंत्रियों की टीम बनाकर उनसे बातचीत शुरू की। JPSC को लेकर सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए अध्यक्ष और सभी सदस्यों को हटा दिया है। छात्रों की अधिकांश प्रमुख मांगों पर सरकार सकारात्मक कार्रवाई कर चुकी है और JSSC से जुड़े विषयों पर भी बातचीत लगातार जारी है। ऐसे में आंदोलन को जानबूझकर उग्र और अशांत करने की कोशिश पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।

उन्होंने भाजपा पर सवाल दागते हुए कहा, “जब NEET पेपर लीक के खिलाफ देश के छात्र दिल्ली की सड़कों पर आंदोलन कर रहे थे, तब भाजपा के नेता कहां थे? उस समय छात्रों के भविष्य की चिंता क्यों नहीं हुई? तब छात्रों की आवाज भाजपा को सुनाई क्यों नहीं दे रही थी? आज झारखंड में छात्र आंदोलन दिखाई दे रहा है तो भाजपा और JLKM को अचानक छात्रों की याद क्यों आ गई?”

पूर्णिमा पांडेय ने कहा कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को हाईजैक कर राजनीतिक आंदोलन बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे आंदोलन में बाहरी राजनीतिक हस्तक्षेप के जरिए भीड़ जुटाकर माहौल खराब करने और अशांति फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “भाजपा को अगर सच में छात्रों की चिंता है तो वह बताए कि NEET पेपर लीक के समय उसने छात्रों के लिए क्या किया? छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों पर उसकी आवाज उस समय क्यों नहीं निकली? आज जब सरकार छात्रों से बातचीत कर रही है और उनकी मांगों पर कार्रवाई कर रही है, तब भाजपा को आंदोलन भड़काने की इतनी बेचैनी क्यों है?”

पूर्णिमा पांडेय ने कहा कि भाजपा की राजनीति अब पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। “छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करना भाजपा की पुरानी आदत है। लेकिन झारखंड के छात्र समझदार हैं। वे अपने अधिकार और अपने भविष्य के लिए लड़ रहे हैं, किसी राजनीतिक दल की कठपुतली बनने के लिए नहीं।”

उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों के लिए कांग्रेस हमेशा उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। लेकिन छात्र आंदोलन की आड़ में राजनीतिक रोटी सेंकने, भीड़ जुटाने और शांतिपूर्ण आंदोलन को अशांत करने की भाजपा की कोशिश को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पूर्णिमा पांडेय ने भाजपा और JLKM को सलाह देते हुए कहा, “छात्रों के नाम पर राजनीति बंद कीजिए। अगर सच में छात्र हित की चिंता है तो सरकार के साथ संवाद में सहयोग कीजिए, न कि छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक अखाड़ा बनाकर झारखंड का माहौल खराब करने का काम कीजिए।”

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता के सामने यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि भाजपा को छात्रों के भविष्य से नहीं, बल्कि छात्र आंदोलन से मिलने वाले राजनीतिक फायदे से मतलब है।