एमजीएम थाना क्षेत्र के बॉयज हॉस्टल से लैपटॉप चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया DELL कंपनी का लैपटॉप बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, एमजीएम थाना कांड संख्या 48/2026, दिनांक 07 अप्रैल 2026 के तहत वादी सर्वेश मीणा द्वारा हॉस्टल के कमरे से अज्ञात अपराधी के खिलाफ लैपटॉप चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। लैपटॉप की बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कांड में संलिप्त आरोपी पवन कुमार, पिता कमला कांत मिश्रा, निवासी गुरुद्वारा रोड, शिव मंदिर के पास, मानगो, को 11 अगस्त 2026 को उसके आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह पूर्व में ब्लिंकिट (BLINKIT) कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। 28 मार्च 2026 की रात वह एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में सामान डिलीवर करने गया था। डिलीवरी के दौरान उसने एक कमरे का दरवाजा खुला देखा, जहां टेबल के नीचे लैपटॉप रखा हुआ था। आरोपी ने मौका देखकर लैपटॉप चोरी कर लिया और उसे अपने घर की अलमारी (गोदरेज) में छिपाकर रख दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया DELL कंपनी का लैपटॉप बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







