लीलावती भवन में आर्ट ऑफ लिविंग ने कराया भव्य रुद्राभिषेक, सत्संग में झूमे श्रद्धालु
उदय किशोर
जामताड़ा। आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा की ओर से गुरुवार को शहर स्थित लीलावती भवन में भव्य रुद्र पूजा सह रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं और आर्ट ऑफ लिविंग के अनुयायियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
बेंगलुरु आश्रम से पहुंचे स्वामी अरुण होडले एवं उनके सहयोगी ने विधि-विधान के साथ रुद्र पूजा एवं रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षिका रेणु पद पात्र एवं रुन्टी चंद्र ने कहा कि श्रावण माह आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र माना जाता है। जिस प्रकार इस मौसम में प्रकृति धरती का अभिषेक करती है, उसी प्रकार रुद्र पूजा मानव जीवन और आसपास के परिवेश के शुद्धिकरण के साथ वातावरण में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करती है।
संस्था के संरक्षक ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि श्रावण मास में रुद्र पूजा के दौरान श्रद्धापूर्वक लिया गया संकल्प सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है तथा मनोकामनाओं की पूर्ति की दिशा में प्रेरणा देता है।
पूजा के समापन के बाद भव्य सत्संग का आयोजन किया गया। भजन और आध्यात्मिक संगीत की प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। पूरे कार्यक्रम के दौरान लीलावती भवन का माहौल भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ओम प्रकाश चौधरी, अजय कुमार चांद, अमित कुमार, शत्रुघ्न यादव, शोमैन पाल, राजेश चौधरी, रुन्टी चंद्र, लीलावती देवी, सुनीता चौधरी, श्रवणी चांद, मंजू राठी एवं मधु कुमारी सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।






