बेवा रेल फाटक के पास दो बाइकों की भीषण टक्कर, एक युवक की मौत, तीन गंभीर
जामताड़ा। मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेवा रेल फाटक के पास गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान जियाजोरी गांव निवासी उत्पल मंडल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, उत्पल मंडल बाइक से जामताड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बेवा रेल फाटक के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मिहिजाम थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उत्पल मंडल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। जियाजोरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उत्पल मंडल का फाइल फोटो






