BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बड़कीपोना से सुकरीगढ़ा अंडरपास तक जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने डीआरएम से की मुलाकात


बड़कीपोना से सुकरीगढ़ा अंडरपास तक जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने डीआरएम से की मुलाकात
नाली सहित सड़क निर्माण की मांग, तीन पंचायतों के सैकड़ों लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी

रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। मुरी-बरकाकाना रेलखंड अंतर्गत बड़कीपोना रेलवे ओवरब्रिज (दुर्गा मंदिर चौक) से सुकरीगढ़ा अंडरपास पुल तक रेलवे भूमि पर स्थित जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) करुणा निधि सिंह से मुलाकात की। ग्रामीणों ने नाली सहित सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग को लेकर डीआरएम को आवेदन सौंपा। इसपर डीआरएम ने सकारात्मक जवाब देते हुए उचित पहल का भरोसा दिया। डीआरएम से मिलने वालों में बड़कीपोना पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार सिंह, आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव अमृतलाल मुंडा, पूर्व पंसस मुकेश प्रसाद, समाजसेवी अमृत कुमार एवं कृष्णा करमाली शामिल थे।

तीन पंचायतों के सैकड़ों लोगों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग

ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सड़क बड़कीपोना, लारीकलां एवं सुकरीगढ़ा पंचायतों के अलावा आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी सड़क से होकर मायल रेलवे स्टेशन, दैनिक बाजार और अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचते हैं। बच्चों के विद्यालय आने-जाने के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग किया जाता है।

जगह-जगह बने हैं बड़े-बड़े गड्ढे

ग्रामीणों के अनुसार मध्य विद्यालय बड़कीपोना से सुकरीगढ़ा अंडरपास तक सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा हो जाने से राहगीरों को काफी परेशानी होती है। सड़क की बदहाली के कारण पैदल चलने वाले लोगों के साथ साइकिल और मोटरसाइकिल सवारों के गिरकर घायल होने की घटनाएं भी होती रहती हैं।

नाली सहित शीघ्र सड़क निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने डीआरएम से जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क का नाली सहित शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के साथ नाली का निर्माण होने से जलजमाव की समस्या भी दूर होगी और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद डीआरएम करुणा निधि सिंह ने सड़क निर्माण को लेकर उचित पहल करने का भरोसा दिया।