BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पाकुड़ में जेपीएससी-जेएसएससी में धांधली के खिलाफ बाबूलाल के नेतृत्व में भाजपा का हल्ला बोल


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पाकुड़ : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर भाजपा ने बुधवार को पाकुड़ में आक्रोश रैली निकाली। 

लड्डू बाबू आम बागान से शुरू हुई रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

समाहरणालय के बाहर आयोजित सभा को पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के लाखों युवाओं ने इन परीक्षाओं के लिए सालों तक कड़ी मेहनत की है। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी की सभी विवादित परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग की।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार परीक्षा में गड़बड़ी पर पर्दा डालने के लिए आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज को दबा रही है। शांतिपूर्ण तरीके से अपना हक मांग रहे छात्रों पर मुकदमे दर्ज करना अलोकतांत्रिक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज सभी प्राथमिकी अविलंब वापस ली जाए।

रैली के बाद भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि परीक्षा में हुई धांधली की जांच केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित न रहे। आयोग के जिम्मेदार सदस्यों और वरीय अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

भाजपा ने चेतावनी दी कि अगर छात्रों पर से मुकदमे वापस नहीं लिए गए और सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं की गई, तो पार्टी पूरे राज्य में चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश मरांडी, जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, रूपेश भगत सहित कई प्रदेश और जिला स्तर के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।