डिजिटल अरेस्ट कर 1.20 करोड़ की ठगी का खुलासा, 03 साइबर अपराधी गिरफ्तार
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज : डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1 करोड़ 20 लाख रुपये की बड़ी साइबर ठगी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र के नया टोला निवासी गौतम चंद्र दास को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने वाले गिरोह के 03 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से असित महतो और रंजीत बख़्शी को गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर धनबाद से धीरज कुमार को भी धर दबोचा गया। एसआईटी प्रमुख सह मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव के नेतृत्व में तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों ने गौतम चंद्र दास को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग हथकंडे अपनाकर उनसे 1.20 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित की शिकायत पर बरहरवा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की गई।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ठगी की रकम को देशभर के 05 हजार से ज्यादा बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है। पुलिस अब इन खातों के धारकों और उनसे जुड़े लिंक की जांच कर रही है। कई संदिग्ध खातों को पुलिस ने फ्रीज भी करा दिया है, जिससे उनमें मौजूद रकम की निकासी पर रोक लग गई है।
प्रारंभिक जांच में इस साइबर गिरोह के तार उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। आशंका है कि गिरोह अलग-अलग राज्यों में फर्जी खातों का इस्तेमाल कर ठगी की रकम को घुमाता था।
एसआईटी अब ट्रांजैक्शन की कड़ियां जोड़कर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।






