छात्र आंदोलन के समर्थन में छतरपुर में भाजपा का प्रदर्शन, जपला मोड़ जाम कर सरकार के खिलाफ जताया विरोध
छतरपुर। छात्रों के आंदोलन के समर्थन और रांची में हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को छतरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जपला मोड़ पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शनकारियों ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर लाठी चार्ज की घटना को शर्मनाक बताते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाना चाहिए।
प्रदर्शन में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुधीर सिन्हा, मनोज गुप्ता, कमलेश गुप्ता, चंदन यादव, अनिल सिंह, भीम व्यास सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर प्रशासनिक व्यवस्था भी सक्रिय रही।






