BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अधिक मूल्य पर यूरिया बिक्री में रवी खाद भंडार पर शिकंजा, जांच में मिली कई अनियमितताएं


सोशल मीडिया से मिली शिकायत पर हुई जांच, बीडीओ ने जिला कृषि पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा पत्र

छतरपुर (पलामू) : छतरपुर प्रखंड के चेनानका स्थित रवी खाद भंडार (लाइसेंस संख्या-04/2010) में यूरिया खाद अधिक मूल्य पर बिक्री करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से मिली सूचना का संज्ञान लेते हुए प्रखंड प्रशासन ने मामले की जांच कराई।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार द्वारा रवी खाद भंडार का निरीक्षण कर जांच की गई। जांच के दौरान यूरिया खाद निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री किए जाने की शिकायत सही पाई गई। इसके अलावा दुकान में कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं।
जांच में पाया गया कि दुकान पर निर्धारित मूल्य का रेट चार्ट प्रदर्शित नहीं था तथा ग्राहकों को कैशमेमो उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था। वहीं, स्टॉक पंजी एवं वितरण पंजी के मिलान में भी गड़बड़ी पाई गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार साहू ने मामले में कार्रवाई के लिए जिला कृषि पदाधिकारी, पलामू को पत्र भेजा है। पत्रांक-727 दिनांक 13.08.2026 के माध्यम से अग्रेतर कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। इसकी प्रति अनुमंडल पदाधिकारी, छतरपुर को भी भेजी गई है।

सभी खाद विक्रेताओं के साथ बीडीओ ने की बैठक

मामले के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार साहू की अध्यक्षता में छतरपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी खाद विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विक्रेताओं को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की बिक्री करने, दुकान पर रेट चार्ट लगाने, ग्राहकों को कैशमेमो देने तथा स्टॉक पंजी को सही तरीके से संधारित करने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।