BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गोल्ड जीतकर लौटीं डीएवी विवेकानंद बेड़ो की बेटियां, मिला नेशनल का टिकट


संवाददाता विकास कुमार

बेड़ो: डीएवी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, बेड़ो की खो-खो बेटियों ने सीबीएसई क्लस्टर-3 प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे रांची जिले का नाम रोशन किया है। विजेता टीम का गुरुवार को विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-19 गर्ल्स खो-खो टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। यह नेशनल प्रतियोगिता सितंबर माह में चेन्नई, तमिलनाडु में आयोजित होगी। वहीं विद्यालय की अंडर-17 गर्ल्स टीम ने भी कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों का स्कूली बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट, पुष्पवर्षा, तिलक एवं आरती के साथ स्वागत किया। इसके बाद खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही टीम के कोच जयंतो चौधरी, निर्मला लकड़ा एवं आदित्य कच्छप को भी उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यालय ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा, "पूरे बिहार-झारखंड में अंडर-19 वर्ग में हमारी टीम अव्वल रही। टीम ने प्रतियोगिता में एक भी मैच नहीं हारा और गोल्ड मेडल जीतकर नेशनल के लिए क्वालीफाई किया। रांची जिले की कोई भी स्कूल अब तक इस मुकाम को हासिल नहीं कर पाई है।" प्रधानाचार्य ने कहा कि जब अधिकांश बच्चे गर्मी की छुट्टियों का आनंद ले रहे थे, तब हमारी टीम के खिलाड़ी प्रतिदिन विद्यालय आकर अभ्यास कर रहे थे। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा, "नेशनल खेलना अपने आप में गर्व की बात है, लेकिन हमारा लक्ष्य वहां भी स्वर्ण पदक जीतकर लौटना है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।