BREAKING NEWS

logo

धीमी प्रगति वाले बूथों पर पहुंचे जिला निर्वाचन पदाधिकारी


पलामू : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत गुरुवार  को जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के उन मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जहां फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कम दर्ज की गयी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसआईआर कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सर्वप्रथम हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-121 पहुंचे, जहां इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म का वितरण मात्र 11 प्रतिशत हुआ था। उन्होंने संबंधित बीएलओ से कम प्रगति के कारणों की विस्तृत जानकारी ली तथा घर-घर जाकर फॉर्म वितरण अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया। बीएलओ का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्वयं कुछ गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर कार्य में गति लाने का संदेश दिया।

इसके बाद उपायुक्त हुसैनाबाद के देवरी खुर्द पहुंचे, जहां उन्होंने मतदान केंद्र संख्या-136, 137 एवं 138 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या-136 पर शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण की रिपोर्ट दर्ज पाए जाने पर उन्होंने संबंधित बीएलओ से इसकी विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सभी अभिलेखों का सत्यापन कराया। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलओ ऐप पर अद्यतन की जाने वाली प्रत्येक प्रविष्टि वास्तविक प्रगति के अनुरूप ही हो तथा कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी को हुसैनाबाद के कई मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए कच्चे रास्तों एवं पगडंडियों का भी उपयोग करना पड़ा। उन्होंने कहा कि भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना और समय पर फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना सभी संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी है।

इसके उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने छतरपुर प्रखंड कार्यालय एवं नवाबाजार प्रखंड सभागार में आयोजित प्रखंड स्तरीय डिजिटाइजेशन कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं पड़वा प्रखंड के पंचायत सचिवालय पहुंचकर भी SIR-2026 के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर को प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप फॉर्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।