खेत जुताई कर वापस आने के क्रम में ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, खेत से सड़क पर चढ़ने के दौरान हुआ हादसा
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनी कला के नोनिया बीघा गांव में बुधवार शाम ट्रैक्टर पलटने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय राजेश चौहान, पिता अमेरिका चौहान निवासी नोनिया बीघा के रूप में हुई है। प्राप्त सूचना के अनुसार राजेश चौहान ट्रैक्टर से खेत की जुताई के बाद वापस घर लौट रहे थे। खेत से सड़क पर चढ़ने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। स्थानीय लोगों के अनुसार खेत सड़क से काफ़ी नीचे था, जिससे ट्रैक्टर को सड़क पर चढ़ाने के दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटना में राजेश चौहान की मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर मृतक राजेश चौहान के चचेरे भाई का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। गुरुवार को पुलिस ने शव को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिसके पश्चात हिन्दू रीति रिवाज़ के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। वहीं घटना के बाद से परिजनों समेत गांव में मातम पसरा है।






