BREAKING NEWS

logo

एसडीओ के आदेश के बाद भी मुख्य बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश जारी, छतरपुर में जाम की समस्या पर प्रशासन सख्त


छतरपुर (पलामू): छतरपुर बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी छतरपुर द्वारा आज जारी आदेश पत्र में पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन से बाजार क्षेत्र में उत्पन्न हो रही जाम की स्थिति को नियंत्रित करना आवश्यक है।
गौरतलब है कि 09 मई 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में छतरपुर बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कई निर्णय लिए गए थे। बैठक में भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया था और मुख्य बाजार मार्ग से इनके परिचालन को नियंत्रित करने का निर्देश दिया गया था।
इसके बावजूद वर्तमान में कई भारी वाहन निर्धारित रूट का पालन नहीं करते हुए छतरपुर मुख्य बाजार सड़क, जपला रोड एवं सरईडीह रोड से धड़ल्ले से गुजर रहे हैं। इससे बाजार क्षेत्र में बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है और आम नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आज के आदेश पत्र में अनुमंडल पदाधिकारी ने थाना प्रभारी छतरपुर, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन कराया जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
प्रशासनिक आदेश के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि निर्धारित रूट व्यवस्था को धरातल पर कितना प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के प्रवेश पर नियमित निगरानी रखी जाए, जिससे छतरपुर बाजार की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।