वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती पर डॉ. कौशल ने बच्चों को पढ़ाया पर्यावरण धर्म का पाठ
पलामू : हिमाचल प्रदेश धर्मशाला कैंट स्थित केंद्रीय विद्यालय के वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विश्व व्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह वन राखी मूवमेंट के जनक डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कन्या पूजन, पर्यावरण धर्म की प्रार्थना और पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती के अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षों को रक्षासूत्र बांधा गया। डॉ. कौशल ने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण धर्म के आठ मूल मंत्रों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि वन राखी मूवमेंट के 50 वर्ष पूरे होने पर देश-विदेश में स्वर्ण जयंती मनाई जा रही है। इसी कड़ी में धर्मशाला में भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि देश ने अंग्रेजी हुकूमत से आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया और शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्र कराया। अब पूरी दुनिया को प्रदूषण रूपी शत्रु के खिलाफ जंग लड़नी है। इस जंग को जीतने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पर्यावरण धर्म अपनाना होगा। उन्होंने पौधों को धरती की रक्षा के लिए ‘मिसाइल’ बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य सुनील चौहान ने डॉ. कौशल किशोर जायसवाल के पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका विद्यालय में आना सभी के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम में पंचकूला और कुल्लू केंद्रीय विद्यालय से आए शिक्षकों ने भी डॉ. कौशल को अपने विद्यालय में आने का निमंत्रण दिया।
मौके पर रक्षा जारियाल, प्रज्ञा प्रागुण, सूरज जायसवाल, सचिन शर्मा, साहिल शर्मा समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।






