पलामू :भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर विशेष बैठक संपन्न
पलामू : इस्कॉन पलामू, हरे कृष्ण निवास, मेजर मोड़, पुलिस लाइन, डालटनगंज में भगवान श्री जगन्नाथ जी की पारंपरिक रथयात्रा के सफल आयोजन को लेकर श्रीमान गौर धाम प्रभु जी की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं विशेष बैठक का सफल आयोजन किया गया।
बैठक में 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को आयोजित होने वाली भव्य रथयात्रा की तैयारियों, रथयात्रा मार्ग, सेवा व्यवस्था, सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि यह भव्य रथयात्रा पलामू, गढ़वा, मझिआंव एवं जपला के संयुक्त प्रयास से आयोजित की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजकों ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दिव्य दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों से आयोजन को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुँचाने का आग्रह किया गया।
आज आयोजित बैठक में गौरधाम प्रभु, सुंदरमाधव प्रभु जी, राकेश कुमार सिंह (मंगल सिंह) जी, अरविंद प्रभु जी, विकास प्रभु जी, हर्षवर्धन प्रभु जी, लवकुश प्रभु जी, उत्तम प्रभु जी, प्रभुल प्रभु जी, प्रखर दास प्रभु, अर्पण प्रभु जी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं भक्तगण उपस्थित रहे।





