नवोदय-2 में आठवीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई के बाद अभिभावकों ने किया हंगामा, विद्यालय प्रबंधन समिति पर लगाया लापरवाही का आरोप
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद, पलामू:
हुसैनाबाद स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय-2, जपला में आठवीं कक्षा के एक छात्र के साथ कथित मारपीट और यौन शोषण के प्रयास का मामला सामने आने के बाद विद्यालय परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। अभिभावकों ने प्राचार्य पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार घटना शनिवार रात हॉस्टल में हुई। रविवार दोपहर अभिभावकों को जानकारी मिली कि उनके बच्चे की अन्य छात्रों ने बेरहमी से पिटाई की है। आरोप है कि छात्र को बुरी तरह मारकर बाथरूम में बंद कर दिया गया था। अभिभावकों का यह भी आरोप है कि बच्चे के साथ अप्राकृतिक यौन शोषण का प्रयास भी किया गया।
छात्र के शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजन रविवार को विद्यालय पहुंचे।
अभिभावकों का कहना है कि शनिवार को घटना के बाद भी प्राचार्य ने सोमवार तक कोई कार्रवाई नहीं की, उल्टा बच्चे को घर भेज दिया गया। साथ ही अभिभावकों ने आरोप लगाया कि पिछले 1 महीने से विद्यालय में बिजली और पानी की समस्या है, लेकिन प्रबंधन ध्यान नहीं दे रहा।
छात्रों ने यह भी बताया कि पीजीटी अंग्रेजी शिक्षक सुभबरत गिरी पर पहले भी एक छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा था और उन्हें पुनः जपला नवोदय विद्यालय में बुला लिया गया साथ ही रविवार को उसी शिक्षक की ड्यूटी छात्र सदन में थी। प्राचार्य भी शनिवार से विद्यालय से गायब बताए जा रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती विद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्रों और परिजनों से बात कर पूरी जानकारी ली।
अध्यक्ष ने कहा कि विद्यालय की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और इसके लिए प्राचार्य जिम्मेदार हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत पलामू उपायुक्त से की है। उन्होंने कहा कि नवोदय के चेयरमैन डीसी का नाम तक नेम प्लेट पर नहीं बदला गया है, जो प्रबंधन की घोर लापरवाही का सबूत है। वहीं
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि मामले की जांच के लिए कमिटी गठित की जाएगी और दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें विद्यालय से निकाला जाएगा।
फिलहाल घटना के बाद विद्यालय में तनाव का माहौल है। अभिभावकों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।





