BREAKING NEWS

logo

प्राचीन शिव मंदिर हनुमानगढ़ी, पूर्वडीहा में पारदर्शी व्यवस्था और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय


पलामू : बाबा पतिधर दुबे जी द्वारा स्थापित चबूतरे पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर हनुमानगढ़ी, पूर्वडीहा में मंदिर प्रबंधन समिति की मासिक बैठक श्रद्धालुओं एवं समिति के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में मंदिर के धार्मिक, सांस्कृतिक, प्रशासनिक एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा भविष्य की योजनाओं पर सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
समिति ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं के सहयोग से अनेक विकास कार्य संपन्न हुए हैं। मंदिर की आय-व्यय व्यवस्था पूर्णतः पारदर्शी रखी जा रही है। सभी आय एवं अधिकांश व्यय का लेखा-जोखा ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है। केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही सीमित ऑफलाइन भुगतान किया जाएगा। समिति का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु के सहयोग का पारदर्शी एवं जवाबदेह उपयोग सुनिश्चित करना है।
बैठक में मंदिर के लिए एक योग्य, संस्कारी, सदाचारी, साक्षर एवं नशामुक्त पुजारी की नियुक्ति का निर्णय लिया गया। चयनित पुजारी को सम्मानजनक सेवा-शुल्क के साथ रहने एवं भोजन की व्यवस्था मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
धार्मिक संस्कारों के संवर्धन के लिए 11 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवक-युवतियों को नियमित रूप से पूजा-पाठ, आरती, भजन-कीर्तन एवं वैदिक परंपराओं से जोड़ने का निर्णय लिया गया। प्रत्येक माह के अंत में वैदिक ज्ञान एवं धार्मिक व्यवहार पर आधारित परीक्षा आयोजित होगी तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
मंदिर के विकास कार्यों, विशेषकर ग्रेनाइट पत्थर लगाने सहित अन्य निर्माण कार्यों में ₹5,000 अथवा उससे अधिक का सहयोग देने वाले दानदाताओं के नाम मंदिर परिसर में स्थायी रूप से सम्मानपूर्वक अंकित किए जाएंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वर्तमान समिति के गठन के छह माह पूर्ण होने के बाद ट्रस्टी चयन हेतु लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अंतर्गत चुनाव कराया जाएगा। मतदान एवं प्रत्याशी बनने का अधिकार उन श्रद्धालुओं को होगा जिन्होंने मंदिर के विकास में निर्धारित सहयोग प्रदान किया है तथा मंदिर की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई है।
समिति के पुनर्गठन पर भी सर्वसम्मति बनी। जिन सदस्यों ने तीन माह की अवधि में किसी भी बैठक में भाग नहीं लिया अथवा समिति के कार्यों में रुचि नहीं दिखाई, उनके स्थान पर मंदिर एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय एवं समर्पित व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। उपस्थित सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से मंदिर, समाज एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और धार्मिक उन्नति की प्रार्थना की। समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से मंदिर के धार्मिक एवं विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपील की।
हर हर महादेव।