आवारा कुत्ते के हमले में दो वृद्ध महिलाएं हुई घायल, अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया इलाज
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद:पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो वृद्ध महिलाओं पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कुत्ते ने दोनों महिलाओं को काट लिया, जिसके बाद दोनों महिलाएं घायल हो गई। घटना के बाद परिजन घायल दोनों महिलाओं को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने दोनों महिलाओं का प्राथमिक उपचार किया और एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया। घायल महिलाओं में मोहम्मदगंज निवासी चन्द्रावती कुंवर, 62 वर्ष तथा सुरजी देवी ,70 वर्ष शामिल हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों महिलाएं खेत की ओर जा रही थीं, इसी दौरान कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। उपचार के बाद दोनों महिलाएं की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर चिंता बढ़ गई है।






