पलामू : शिक्षा विभाग की योजनानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पलामू के द्वारा स्थानीय केजी स्कूल के प्रशाल में नव नियुक्त सहायक आचार्यों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण जारी है।
प्रशिक्षणचर्या के तीसरे दिन मध्य विद्यालय रजवाडीह के प्रधानाध्यापक परशुराम तिवारी एवं मवि शाहपुर के शिक्षक सह एसआरपी अमरेन्द्र नारायण के द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। डायट के संकाय सदस्य नूतन कुमारी इस मौके पर मौजूद रहीं।
प्रशिक्षण के पहले सत्र में प्रशिक्षक परशुराम तिवारी ने नवनियुक्त सहायक आचार्यों को विद्यालयों की संरचना तथा शिक्षकों की कोटि,पृष्ठभूमि व वर्तमान उपलब्धता से अवगत कराया। श्री तिवारी ने कहा कि विद्यालय वो स्थान है जहां बच्चों को शिक्षा से संस्कारित कर उन्हें सभ्य व सक्षम नागरिक के रूप में तैयार किया जाता है। उन्होंने नव नियुक्त शिक्षकों से कहा कि विद्यालय के प्रत्येक बच्चों को समझने की कोशिश कीजिए। इसके बाद उन्हें समझाना आसान हो जायेगा। साथ ही बच्चों को उनके जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करना भी सिखाइए। याद रहे शिक्षक व शिक्षा का कोई विकल्प नहीं है। श्री तिवारी ने नवनियुक्त सहायक आचार्यों से पूछा कि क्या आप तैयार हैं? एक स्वर में जवाब मिला- हां,हम तैयार हैं। वहीं दूसरे सत्र में प्रशिक्षक अमरेंद्र नारायण ने बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन)एवं प्रिंट रीच के घटकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि प्रिंट रीच कक्षाएं बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान के स्तर को हासिल करने में बहुत ही सहायक हैं। श्री नारायण ने अनेक उदाहरणों व संवादों के माध्यम से अवधारणाओं को स्पष्ट किया। प्रशिक्षण में मिथिलेश उपाध्याय,राजेश कुमार,अनिता गुप्ता, योगेन्द्र प्रसाद,सावित्री कुमारी,सुनील कुमार पाण्डेय,प्रीति सिन्हा,रामकुमार,ज्योत्स्ना कुमारी,सत्य प्रसाद गुप्ता,सोनी कुमारी,ब्रजेश कुमार व पूनम कुमारी सहित 123 सहायक आचार्य भाग ले रहे हैं।



.jpg)


