BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रांची में दो गुटों के बीच झड़प, फायरिंग में तीन घायल, कई हिरासत में


रांची,। रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के बेलदार मोहल्ले में शुक्रवार देर रात दो गुटों के बीच झड़प के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में तीन लोगों को गोली लगी, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

घायलों में इमरान, तबरेज, नदीम शामिल हैं। गोलीबारी में घायल हुए इमरान नाम के युवक ने बताया कि जेल में बंद अपराधी अली के गुर्गों की ओर से फायरिंग की गई है। इमरान के अनुसार अली के गुर्गों ने एक युवक के साथ मारपीट की थी, मामला थाने तक भी पहुचा था, लेकिन विवाद नहीं थमा। इसी मामले के बाद दोनों गुट शुक्रवार रात आपस मे भिड़ गए। इसमें अली के लोगों ने फायरिंग कर दी। रमजान की वजह से डोरंडा के बेलादर मोहल्ले में देर रात होने के बाद भी चहल पहल थी, लेकिन फायरिंग के बाद इलाके में भगदड़ मच गई। इसमें भी कुछ लोग घायल हुए हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी, हटिया डीएसपी, डोरंडा थानेदार, चुटिया थानेदार, लोअर बाजार थानेदार सहित भारी संख्या में पुलिस बल ने पूरे बेलादर मोहल्ले को घेर लिया। गोलीबारी में शामिल होने के शक में एक दर्जन से ज्यादा लोगों को पुलिस ने रात में ही हिरासत में ले लिया है। सबसे पूछताछ जारी है। पुलिस इलाके में कैम्प कर रही है।

रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि आपसी विवाद के बाद फायरिंग की गई है, जिसमें तीन लोगों को गोलियां लगी हैं, एक व्यक्ति के सीने में गोलियां लगी हैं। अब तक की जानकारी में तीनों ही सेफ हैं। सिटी एसपी ने कड़े लहजे में कहा कि फायरिंग करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नही जाएगा। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।