BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

लहर बंजारी गांव को जल्द मिलेगी सड़क, DC ने दिया निर्माण का आश्वासन


पलामू:  जिले के लहर बंजारी गांव के ग्रामीणों के लिए वर्षों पुरानी सड़क की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है। गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर युवा समाजसेवी अजय कुमार गुप्ता ने पलामू उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने सड़क निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर कराने का आश्वासन दिया।
लहर बंजारी गांव की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि एक ओर उत्तर कोयल नदी और दूसरी ओर रेलवे लाइन होने के कारण आवागमन के सीमित साधन हैं। पक्की सड़क के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम, शिक्षा और चिकित्सा जैसी जरूरी सेवाओं के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। खासकर आपात स्थिति में गांव तक पहुंचना और बाहर निकलना बड़ी चुनौती बन जाता है।
प्रस्तावित सड़क उंटारी कोयल नदी पुल से भदुमा गांव होते हुए लुंबा सतबहिनी मोबाइल टावर तक बनाई जानी है। इसकी लंबाई करीब चार किलोमीटर बताई गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान उपायुक्त ने सड़क की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उपायुक्त के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में सड़क निर्माण को लेकर उम्मीद जगी है। वहीं, युवा समाजसेवी अजय कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेने के लिए उपायुक्त के प्रति आभार जताया।