झारखंड सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से 8 एवं 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में "नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन" का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड को निवेश, औद्योगिक विकास, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), ई-गवर्नेंस और पर्यटन के क्षेत्र में एक उभरते हुए गंतव्य के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना है। कार्यक्रम की थीम "Explore Infinite Opportunities" रखी गई है। इस आयोजन में उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक, नीति-निर्माता, विशेषज्ञ एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख हितधारक भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक विकास की संभावनाओं, डिजिटल गवर्नेंस, पर्यटन विकास तथा नवाचार आधारित विकास मॉडल पर विस्तृत चर्चा होगी। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आयोजित इस पहल का उद्देश्य राज्य में निवेश आकर्षित करना, रोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा झारखंड को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों में स्थापित करना है। राज्य सरकार का मानना है कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के संवाद से उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा झारखंड के समग्र आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
राष्ट्रीय निवेशकों को झारखंड की संभावनाओं से रूबरू कराएगी नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन, नई दिल्ली में 8-9 जुलाई को आयोजन





