पलामू : ओलंपिक दिवस के अवसर पर पलामू जिला खेल विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संत मरियम स्कूल के खिलाड़ियों को विद्यालय की प्रार्थना सभा में सम्मानित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति के साथ सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं हजारों विद्यार्थियों की उपस्थिति में खिलाड़ियों का तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन अविनाश देव ने कहा, "बच्चों के हाथों में मेडल ही नहीं, बल्कि देश का उज्ज्वल भविष्य है। संत मरियम स्कूल हर प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगा। शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।"
वूशु के सांडा स्पर्धा में हर्षि कुमार ने स्वर्ण पदक, छोटू कुमार एवं विवेक कुमार ने रजत पदक, कार्तिक कुमार, संकल्प वर्मा तथा आशीष गुप्ता ने कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं एथलेटिक्स की 200 मीटर दौड़ में अलीमा ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में प्रशिक्षक सुमित बर्मन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अनुशासन एवं मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।





