BREAKING NEWS

logo

मतदाता सूची पुनरीक्षण में न छूटे कोई भी योग्य मतदाता, त्रुटिरहित तरीके से भरें एसआईआर फॉर्म : डीसी


रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव रविवार को बेंगाबाद प्रखंड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सोनबाद, कर्णपुरा, महुआर समेत विभिन्न पंचायतों का दौरा कर आंगनबाड़ी केंद्रों पर चल रहे एसआईआर कार्यों का निरीक्षण किया तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया त्रुटिरहित एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। सभी योग्य मतदाताओं तक पहुंच बनाकर उनका फॉर्म सही तरीके से भरवाना बीएलओ की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
महुआर पंचायत में उपायुक्त ने स्वयं कई पात्र मतदाताओं का एसआईआर फॉर्म भरकर बीएलओ एवं उपस्थित कर्मियों को सही प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति स्वयं फॉर्म भरने में असमर्थ है तो बीएलओ उसकी हरसंभव सहायता करें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म को त्रुटिरहित ढंग से भरकर जमा कराएं।
उपायुक्त ने अभियान में तेजी लाने पर भी जोर देते हुए कहा कि सभी बीएलओ पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि निर्धारित अवधि के भीतर सभी पात्र मतदाताओं का एसआईआर फॉर्म भरकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
फोटो।