विश्व जनसंख्या दिवस: देवघर में स्वास्थ्य विभाग ने निकाली प्रभात फेरी, दिया "छोटा परिवार-सुखी परिवार" का संदेश.
■ पुराने सदर अस्पताल से निकली रैली, सिविल सर्जन ने दिखाई हरी झंडी.
राजेश किशोर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार, 11 जुलाई को देवघर स्वास्थ्य विभाग ने जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता अलख जगाई।
कार्यक्रम की शुरुआत पुराने सदर अस्पताल परिसर से प्रभात फेरी/जागरूकता रैली निकालकर की गई। रैली को सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नारों से गूंजा शहर
स्वास्थ्य कर्मियों, एएनएम और शहरी सहिया दीदियों की टोली हाथों में तख्तियां लेकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरी। रैली के दौरान "छोटा परिवार, सुखी परिवार" और "जब बच्चों में रहे सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल"
जैसे नारे लगाए गए।
बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी शामिल हुए और आम लोगों को परिवार नियोजन के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की टीम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला कार्यक्रम समन्वयक, गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण ही स्वस्थ समाज की कुंजी है। सही अंतराल से बच्चे और सीमित परिवार से ही परिवार खुशहाल और स्वस्थ बन सकता है। इसी संदेश को लेकर पूरे दिन शहर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




