देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ 02 तस्कर गिरफ्तार, 4.04 ग्राम बरामद.
■ नशामुक्ति अभियान के तहत मोहनपुर में हुई छापेमारी.
अमित कुमार
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : देवघर जिले को नशामुक्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार, 10 जुलाई को अवैध ब्राउन शुगर खरीद-बिक्री करते हुए 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस बारे में देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति तालझारी से ब्राउन शुगर खरीदकर मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामजोरिया के पास यात्री शेड में उसकी बिक्री कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम सूरज चौधरी उर्फ सोनू, उम्र 31 वर्ष, पिता- ओमप्रकाश जयसवाल, साकिन- बुढवाकुरा, थाना- मोहनपुर, एवं मनीष कुमार उर्फ सन्नी, उम्र करीब 23 वर्ष, पिता- प्रवीण कुमार यादव, साकिन- सिंहरायडीह, थाना- मोहनपुर हैं।
दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 4.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
इस संबंध में मोहनपुर थाना कांड संख्या 115/2026, दिनांक- 10.07.2026, धारा 21(b) एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार, देवघर, पु.अ.नि. संदीप कृष्णा थाना प्रभारी मोहनपुर, पु.अ.नि. मनेन्द्र कुमार, स.अ.नि. संजय यादव एवं मोहनपुर थाना का सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




