राजकीय श्रावणी मेला 2026, डीसी सख्त, 25 जुलाई तक हर हाल में पूरे करें सारे काम.
■ बारिश-मॉनसून को लेकर विशेष सतर्कता, श्रद्धालुओं की सुविधा-सुरक्षा से कोई समझौता नहीं.
अमित कुमार
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला, 2026 को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शनिवार 11.07.2026 को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में डीसी ने साफ कहा कि "श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा।" सभी कार्य 25 जुलाई तक हर हाल में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया गया।
मॉनसून को देखते हुए डीसी ने विशेष एहतियात बरतने को कहा.
- ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त कर जल-जमाव की समस्या रोकें
- बिजली के काम सुरक्षित तरीके से करें, खुले तार और अर्थिंग की जांच हो
- सभी पंडाल वॉटरप्रूफ और मजबूत बनाए जाएं
- पार्किंग स्थलों और सड़कों की मरम्मत तुरंत करें
डीसी ने बाबा मंदिर प्रांगण में रंगरोगन और नए फुटओवर ब्रिज का काम समय पर पूरा करने को कहा।
कांवरिया पथ पर साफ-सफाई, अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र, पेड़ों की छंटाई, पर्याप्त शौचालय, पेयजल, स्नानगृह-विश्रामगृह की मरम्मत के निर्देश दिए। पूरे पथ पर बालू बिछाने, बैठने की व्यवस्था और सूचना केंद्र बनाने को कहा गया।
हाईटेक होगी सुरक्षा और सूचना व्यवस्था
- पूरे मेला क्षेत्र को CCTV कैमरों से कवर किया जाएगा। IMCR को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा।
- भीड़ नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी होगी।
- 34 सूचना सह सहायता केंद्र हाईटेक बनाए जाएंगे।
- महिलाओं और बच्चों के लिए 10 मातृत्व विश्राम गृह 24x7 एक्टिव रहेंगे।
स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन पुख़्ता
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर रहेगा। जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य कैंप, अस्थाई अस्पताल और हेल्थ कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। आपदा प्रबंधन टीम 24 घंटे मुस्तैद रहेगी और एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था होगी।
मेले को आकर्षक बनाने के लिए शिवगंगा और जलसार में लाइट एंड साउंड शो, टॉवर चौक और बाबा मंदिर में लेज़र शो होगा। पूरे क्षेत्र में आधुनिक लाइटिंग, 30 LED स्क्रीन और 6 सांस्कृतिक मंच
बनाए जाएंगे। शिवलोक परिसर में भव्य प्रदर्शनी भी लगेगी।
बैठक में नगर निगम, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पथ निर्माण, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया गया। डीसी ने कहा कि देवतुल्य श्रद्धालु बाबा नगरी से अच्छी अनुभूति लेकर जाएं, यही हमारी प्राथमिकता है।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, सिविल सर्जन समेत सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।




