सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मारगोमुण्डा में वॉटर चिलर मशीन का उद्घाटन
दीपक कुमार मिश्रा
मधुपुर बाजार : अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा प्रदत्त एवं लायंस क्लब ऑफ मधुपुर के तत्वाधान में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मारगोमुण्डा के विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा हेतु स्थापित वॉटर चिलर मशीन का विधिवत उद्घाटन पीएमजेएफ लायन डॉ. अरुण गुटगुटिया के द्वारा सम्पन्न हुआ. इस जनहितकारी पहल के माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों को भीषण गर्मी के दौरान शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. वॉटर चिलर मशीन के संचालन से विद्यार्थियों को विशेष रूप से गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी तथा उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुविधा में सकारात्मक योगदान प्राप्त होगा. मौके पर डॉ. अरुण गुटगुटिया ने कहा कि समाजहित में किए जाने वाले सेवा कार्य न केवल लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं. उन्होंने शिक्षा संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे प्रयास निरंतर किए जाने चाहिए. लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट 322a , रीजन - 5, जोन ए के जोन चेयरपर्सन लायन प्रेम पाठक ने कहा कि लायंस क्लब सदैव सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सकारात्मक सहयोग पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी क्लब द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक सेवा प्रकल्प संचालित किए जाते रहेंगे.
वही विद्यालय समिति के सदस्य श्री जय मोहनका जी ने अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट एवं लायंस क्लब ऑफ मधुपुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह वॉटर चिलर मशीन विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है तथा समाज और शैक्षणिक संस्थानों के मध्य समन्वय भी सुदृढ़ होता है. कार्यक्रम में लायंस क्लब ऑफ मधुपुर के एडमिन लायन नरेश पटेल, पूर्व कोषाध्यक्ष लायन रामानुज मिश्रा, प्रधनाध्यपक सहित अनेक गणमान्य नागरिक, विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे.




