logo

कोचिंग के लिए निकली नाबालिग के अपहरण मामले का खुलासा, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर बाजार (देवघर) : बीते 28 जून को शहर के पथरचपटी रोड स्थित मातृका गली से रहस्यमय ढंग से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के मामले का मधुपुर पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. पुलिस ने मामले में मांगोमुंडा थाना क्षेत्र के भंडारो गांव निवासी 19 वर्षीय दिलीप मंडल को शनिवार, 18 जुलाई को मधुपुर स्टेशन रोड से गिरफ्तार कर लिया. 
पुलिस के अनुसार,आरोपी की गिरफ्तारी मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गई. गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. जानकारी के अनुसार, 28 जून को 16 वर्षीय छात्रा अपनी स्कूटी से कोचिंग सेंटर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर छात्रा के पिता मनोज कुमार मंडल ने मधुपुर थाना में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर मधुपुर थाना में कांड संख्या 141/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। इसके बाद मधुपुर स्टेशन रोड पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है तथा सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है. नाबालिग से संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मधुपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है. वहीं पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी.