logo

देवघर में श्रावणी मेला की तैयारी जोरों पर


■ 26 जुलाई से निर्बाध विद्युत आपूर्ति का दावा, 100 मेगावाट तक खपत का अनुमान.


शंभू नाथ सहाय 

बैद्यनाथधाम (देवघर ) : देवों के देव महादेव की नगरी देवघर में मास व्यापी श्रावणी मेला- 2026 की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। इन दिनों बैद्यनाथ मंदिर के आसपास का नजारा भी गेरुआ रंग में रंगने लगा है।

देवघर जिला प्रशासन मंदिर में सुलभ जलार्पण और मेले के सफल संचालन को लेकर स्थानीय पुरोहित समाज समेत कई बुद्धिजीवियों से व्यापक विचार-विमर्श किया है। इसके बाद बाबा नगरी को सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा है।

पंडित शिवराम झा चौक से मानसरोवर* की ओर जाने वाली सड़क को आकर्षक रूप दिया गया है। इसी तरह पंडित बी.एन. झा पथ, परमेश्वर दयाल रोड, बम बम बाबा पथ और शिक्षा सभा चौक आदि क्षेत्रों में भी मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मेले के दौरान बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए विभाग लगातार मरम्मत कार्य में जुटा है। बिजली विभाग के सहायक अभियंता लव कुमार ने बताया कि 25 जुलाई 2026 तक मेंटेनेंस वर्क पूरा कर लिया जाएगा। 

वर्तमान में देवघर को 85 मेगावाट बिजली मिल रही है, जबकि मेले के दौरान खपत 100 मेगावाट प्लस तक पहुंचने का अनुमान है। निर्बाध आपूर्ति के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है।

उल्लेखनीय है कि,श्रावणी मेले की प्रसिद्धि विदेशों तक है। पूरे श्रावण माह में 60 से 70 लाख श्रद्धालु सुल्तानगंज समेत देश की अन्य उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण करने आते हैं। लाखों की संख्या में आने वाले शिव भक्तों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन प्रत्येक वर्ष मुस्तैद रहता है।