logo

एसआईआर- 2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक


■ 22 जुलाई को BLO और BLA-2 की तीसरी संयुक्त बैठक, शहरी क्षेत्रों में विशेष कैंप  


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में शनिवार, 18 जुलाई को समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

उपायुक्त ने बताया कि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने और बूथ स्तर की विसंगतियों को दूर करने के लिए 22 जुलाई 2026 को BLO और BLA-2 की तीसरी संयुक्त बैठक होगी। 

इस बैठक में सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2)‌ की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

बैठक में मुख्य रूप से मृत, दोहरी प्रविष्टि और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा नए पात्र मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर समन्वय स्थापित किया जाएगा। 
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा में पुनरीक्षण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी क्षेत्रों में गति बढ़ाने के लिए 18 जुलाई और 20 जुलाई 2026 को विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में BLO और स्वयंसेवक मौजूद रहकर छूटे हुए मतदाताओं को प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं और मैपिंग का कार्य पूरा कर रहे हैं।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि घर-घर सत्यापन के दौरान जिन मतदाताओं से संपर्क नहीं हो सका है, उनकी पहचान सावधानी से की जाए। ऐसी 5 श्रेणियों के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में प्रकाशित नहीं किए जाएंगे:-  
1. *पहले से पंजीकृत (D)*  
2. *मृत (D)*  
3. *स्थायी रूप से स्थानांतरित (S)*  
4. *पता न चलने वाला/अनुपस्थित (A)*  
5. *EF पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले (EF)*  

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि BLO की टिप्पणियों, परिवार के सदस्यों की टिप्पणियों और सहायक दस्तावेजों के साथ EF के दोनों पेज BLO के हस्ताक्षर सहित अनिवार्य रूप से ECINET पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की आधिकारिक समय-सारणी भी साझा की गई:  
- BLO द्वारा घर-घर दौरा : 30.06.2026 से 29.07.2026 तक  
- मतदान केंद्रों का Rationalization : 29.07.2026 तक  
- प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन : 05.08.2026  
- दावों और आपत्तियों की अवधि : 05.08.2026 से 04.09.2026 तक  
- दावों और आपत्तियों का निपटारा : 05.08.2026 से 03.10.2026 तक  
- मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन : 07.10.2026  

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सागरी बराल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।