logo

पथरौल में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई


■ अवैध शराब के साथ 02 गिरफ्तार, 105 लीटर महुआ शराब बरामद. 

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की।

उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर पथरौल थाना पुलिस के सहयोग से पथरौल थाना क्षेत्र के हड़हंजा गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध महुआ चुलाई शराब के निर्माण एवं बिक्री स्थलों पर कार्रवाई की गई।

छापेमारी में 105 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब और शराब बनाने के लिए तैयार 800 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया।

छापेमारी के दौरान अवैध शराब कारोबार में संलिप्त बबलू हांसदा और विनोद हांसदा को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उत्पाद विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख़्शा नहीं जाएगा।