BREAKING NEWS

logo

करौं : आस्था का सैलाब उमड़ेगा सालतर में, आज होगा दूबे बाबा का वार्षिक पूजन, हजारों श्रद्धालु पहुंचेंगे


■ जर्जर सड़क बनी श्रद्धालुओं के लिए परेशानी, 02 साल से शिलान्यास के बाद भी काम शुरू नहीं


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

करौं : प्रखंड क्षेत्र के सालतर गांव स्थित बिष हरण देवता दूबे बाबा मंदिर में आज सोमवार को वार्षिक पूजन धूमधाम से मनाया जाएगा। पूजा को लेकर ग्रामीणों ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पूजा के लिए मंदिर की रंग-रोगन, साफ-सफाई और सजावट की गई है। आयोजन समिति ने बताया कि पूजा में भाग लेने करौं, सारठ सहित आसपास के प्रखंडों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए पेयजल, कतार व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

पूजन के दौरान मंदिर परिसर में सैकड़ों बकरों की बलि भी दी जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि कतारबद्ध तरीके से सभी श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना कराई जाएगी।

ऐसी मान्यता है कि इस मंदिर में अगर किसी को जहरीले से जहरीला सांप भी काट ले, तो वह बाबा की शरण में आकर एक बूंद नीर से ठीक होकर घर लौट जाता है। क्षेत्र के लोगों ने इसका उदाहरण सैकड़ों बार देखा है। इसी आस्था के कारण दूबे बाबा को "बिष हरण देवता" कहा जाता है।

हालांकि श्रद्धालुओं के लिए सबसे बड़ी परेशानी करौं के करनेश्वर मंदिर से दूबे बाबा मंदिर तक जाने वाली सड़क बनी हुई है। सड़क पूरी तरह जर्जर है। 02 साल पहले इस सड़क का शिलान्यास हो चुका है, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। 
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूजा के बाद अविलंब सड़क मरम्मत कराई जाए, ताकि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो।