हरारे, 25 जुलाई । जिम्बाब्वे के युवा बल्लेबाज ब्रायन बेनेट टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि के बेहद करीब पहुंच गए हैं। 22 वर्षीय बेनेट भारत के खिलाफ शनिवार को हरारे में खेले जाने वाले दो मैचों की टी20 शृंखला के दूसरे मुकाबले में केवल 10 रन बनाते ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2,000 रन पूरे करने वाले जिम्बाब्वे के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।
पहले टी20 मुकाबले में बेनेट खाता खोले बिना आउट हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने अब तक 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 35.53 की औसत और 143.37 के स्ट्राइक रेट से 1,990 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 111 रन है।
अब तक जिम्बाब्वे की ओर से केवल सिकंदर रजा और रायन बर्ल ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2,000 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। सिकंदर रजा ने 137 मैचों की 132 पारियों में 3,144 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, रायन बर्ल ने 122 मैचों की 113 पारियों में 2,040 रन बनाए हैं और उनके नाम चार अर्धशतक दर्ज हैं।
भारत के खिलाफ भी ब्रायन बेनेट का रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उन्होंने सात पारियों में 28.00 की औसत और 151 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला है। इसी वर्ष खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप में उन्होंने भारत के खिलाफ नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली थी।
ऐसे में दूसरे टी20 मुकाबले में बेनेट के पास 2,000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के साथ-साथ भारत के खिलाफ एक और यादगार प्रदर्शन करने का अवसर होगा।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2000 रन से 10 रन दूर बेनेट, भारत के खिलाफ रच सकते हैं इतिहास





